संघर्ष समिति ने किया कूड़ाघर का विरोध
1 min read
ऋषिकेश। लालपानी बीट गुमानीवाला में ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए आवंटित भूमि को लेकर जनाक्रोश थम नहीं रहा है। संघर्ष समिति ने क्षेत्र में जनाक्रोश रैली निकाली। आक्रोशित लोगों ने बताया कि 1 सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर वित्त मंत्री का घेराव करेंगे।
बुधवार को गुमानीवाला में प्रधान दीपिका व्यास के नेतृत्व में कूड़ा घर के विरोध में जनाक्रोश रैली निकाली गई। रैली विभिन्न मार्गो से होते हुए अमित ग्राम शहीद स्मारक पहुंची, यहां जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में आक्रोशित लोगों ने लाल पानी बीट में कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाए जाने का पुरजोर विरोध किया। कहा कि यदि यहां पर ऋषिकेश और आसपास क्षेत्रों का कूड़ा डाला गया तो ग्रामीण उसकी खिलाफत करेंगे। पूर्व जैव वैज्ञानिक विजय भट्ट ने कहा कि जिस स्थान पर कूड़ा डंप किया जाता है, उस क्षेत्र का पर्यावरण दूषित होता है। साथ में पीने का पानी भी दूषित हो जाता है। मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। नगर निगम पार्षद विपिन पंत और विजेंद्र मोघा ने प्रस्तावित कूड़ा घर के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा भी की। सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 1 सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान नहीं होने पर वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का घेराव करेंगे। जनाक्रोश सभा में मानवेंद्र कंडारी मोहम्मद, रफी ,लाल सिंह बोरा, पुरुषोत्तम बडोनी, नत्थी लाल सेमवाल, राजू ,कुलदीप, सुशीला भट्ट, उमा विश्वास , लक्ष्मी ,सुषमा रमोला ,रोशनी , मथुरा देवी आदि रहे।
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। |